
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पहले पटवारी पेपर लीक कांड और अब एई-जेई परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने का भंडाफोड़ होने से प्रदेश के बेरोजगार मायूस हैं। भाजपा मंगलौर मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजय धारीवाल के नामजद होने और भाजपा नेता नितिन चौहान के जेल जाने से कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर हमलावर है।

लेकिन सूत्र बताते हैं कि तार अब कांग्रेस नेताओं से भी जुड़ रहे हैं। संजय धारीवाल से पूछताछ के बाद से कई नेता भूमिगत बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी अभी इस बारे में खुलकर बोलने से बच रहे हैं। लेकिन दो भाजपा नेताओं की संलिप्तता के बाद कांग्रेस नेताओं का नाम जुड़ने की चर्चाएं जोरों पर हैं।

भाजपा के मंगलौर ग्रामीण मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजय धारीवाल की संलिप्तता दोनों ही परीक्षाओं में है। मौजूदा समय में उसकी पहचान एजेंट के तौर पर होती है।

वहीं शनिवार को दूसरे भाजपा नेता नितिन चौहान की गिरफ्तारी के बाद से भाजपा की जमकर छिछालेदर हुई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि केवल भाजपा ही नहीं बल्कि एई-जेई परीक्षा प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में देहात क्षेत्र के कुछ कांग्रेस नेताओं के नाम भी चर्चाओं में बने हुए है।

गिरफ्तार आरोपियों से लेकर अभ्यर्थियों से उनकी कड़ी जोड़ने में एसआईटी जुटी है, पर अभी खुलकर उनके नाम लेने से एसआइटी के अफसर बच रहे है।

चर्चाएं जोरों पर हैं कि देहात के कई नेताओं ने इस खेल में वारे के न्यारे किए हैं। संजय धारीवाल के नामजद होने और नितिन की गिरफ्तारी होने के बाद ऐसे कई नेता भूमिगत हो गए हैं।