“कलम के सम्मान का मंच बना “शपथग्रहण समारोह, प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि.) का भव्य आयोजन..
धार्मिक, राजनीतिक, प्रशासनिक व समाजसेवियों ने बढ़ाई, मंच की गरिमा..

पंच👊नामा
रुड़की: रुड़की के ईदगाह चौक स्थित होटल सचिन इंटरनेशनल में “प्रेस क्लब महानगर रुड़की” (रजि०) का शपथ ग्रहण समारोह भव्यता और गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।
समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को विधिवत शपथ दिलाई गई और पत्रकारिता के दायित्व, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में शहर के प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
—————————————
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ……..
समारोह में क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, महासचिव मोनू शर्मा, उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी, सचिव सलमान मलिक, कोषाध्यक्ष शहजाद राजपूत सहित निदेशक चौधरी अनवर राणा, प्रवेज़ आलम, अमित शर्मा, पुनीत सिंह रोहिला व देशराज पाल को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि महंत लोकेश दास जी महाराज ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
—————————————
मुख्य अतिथि का संदेश — “सत्य के साथ रहे पत्रकारिता”……
स्वामी जगन्नाथ आश्रम, ऋषिकेश के पीठाधीश्वर आचार्य लोकेश जी महाराज ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि पत्रकारों को हमेशा सत्य के साथ रहना चाहिए, सत्ता के साथ नहीं। उन्होंने कहा कि यदि शासन या व्यवस्था में कोई त्रुटि दिखाई देती है तो उसे उजागर करना पत्रकारों का कर्तव्य है।
उन्होंने पत्रकारिता को नौकरी नहीं बल्कि मिशन बताते हुए कहा कि इसे सेवा भाव से जिम्मेदारीपूर्वक निभाया जाना चाहिए।
—————————————
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी रखे विचार…..
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि रुड़की शिक्षानगरी के रूप में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। यहां के पत्रकारों को भी नगर की गरिमा के अनुरूप समाजहित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि पत्रकारों के माध्यम से प्रशासन को जनसमस्याओं के समाधान का मार्गदर्शन मिलता है, जिससे व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है।
जिला सूचना अधिकारी रतीलाल ने फोन पर संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता से ही पारदर्शिता और जागरूकता कायम रहती है।
—————————————
राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के विचार…..
महापौर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि रुड़की का सौभाग्य है कि यहां दो पत्रकार संगठन होने के बावजूद पत्रकारों में आपसी सौहार्द बना हुआ है।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी व भारतीय जनता पार्टी नेता एवं फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन ने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया है और उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पत्रकारिता को तलवार की धार पर चलने जैसा कठिन कार्य बताते हुए कहा कि समाज की अच्छाई-बुराई को उजागर करना ही पत्रकारों का धर्म है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री एवं समाजसेविका पूजा गुप्ता ने रुड़की के भाईचारे की सराहना करते हुए कहा कि इसे मजबूत बनाने में पत्रकारों का अहम योगदान है। वरिष्ठ किसान नेता चौधरी सुभाष नंबरदार ने कहा कि जनसमस्याएं पत्रकारों के माध्यम से समाज और प्रशासन तक पहुंचती हैं, जिससे समाधान संभव हो पाता है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रुड़की डॉ. ए.के. मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने में पत्रकारों की भूमिका सराहनीय है।
वरिष्ठ पत्रकार एम हसीन ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पत्रकारिता में ईमानदारी, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा सबसे बड़ी पूंजी होती है।
उन्होंने कहा कि युवा पत्रकारों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तथ्यों पर आधारित और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए।
—————————————
अनुपस्थित अतिथियों ने वर्चुअल माध्यम से दी शुभकामनाएं…..
दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री विनय रोहिल्ला कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रेस क्लब को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और भवन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने की बात कही।
—————————————
सम्मान समारोह और संचालन…..
कार्यक्रम में सभी अतिथियों को शील्ड और बुके देकर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए पूरे आयोजन को रोचक बनाए रखा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार महेश्वर सिंह, फिरोज अहमद, नरेंद्र सिंह, असलम अंसारी, आदिल राणा, संदीप कश्यप, श्याम सुंदर, सतपाल सैनी, अशोक चौहान, अमन कुमार, मोहम्मद आलम, इकराम अली, गुलशेर, बुरहान राजपूत, नवीन कुमार, वकील अहमद, मनीष ग्रोवर, मनोज अग्रवाल, दीक्षा गुप्ता, दिलशाद खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
—————————————
अध्यक्ष ने जताया आभार…..
समारोह के अंत में क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब महानगर रुड़की पत्रकारों के हितों और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।



