“मिशन-2027 को लेकर सक्रिय हों पदाधिकारी, योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं: स्वामी यतीश्वरानंद..
वेद मंदिर आश्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा की नई टीम का अभिनंदन, वरिष्ठ पत्रकार जोगेंद्र मावी को मिली अहम जिम्मेदारी..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भाजपा के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का गुरुवार को वेद मंदिर आश्रम में सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने नई टीम को संगठन की रीढ़ बताते हुए उन्हें मिशन-2027 के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का संदेश दिया। भाजपा ओबीसी मोर्चा में वरिष्ठ पत्रकार जोगेंद्र मावी को अहम जिम्मेदारी मिलने पर हरिद्वार के पत्रकारों ने भी उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
वेद मंदिर में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि पार्टी ने ओबीसी, किसान और अनुसूचित मोर्चों के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया है। ऐसे में नवनियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल संगठनात्मक गतिविधियां ही नहीं, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्वामी यतीश्वरानंद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार आमजन के हित में काम कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। इसके अलावा किसान, व्यापारी, मजदूर सहित हर वर्ग के लिए कई योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष लोकेश पाल ने भी विचार रखे और नई टीम को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुशील पंवार, विवेक चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, किसान मोर्चा जिला महामंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री विपिन चौधरी, प्रेम शंकर पिंकी, जिला मंत्री संदीप प्रधान, अंकित कश्यप, मीडिया संयोजक जोगेंद्र सिंह मावी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री नवजोत वालिया, सूर्यकांत सैनी, मंत्री शशांक चौहान, राहुल शर्मा, कोषाध्यक्ष नीतीश चौधरी, उपाध्यक्ष सचिन चौहान, प्रणव यादव, धर्मपाल ठेकेदार और पार्षद अनुज सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



