
पंच👊नामा
पिरान कलियर: नगरपंचायत चुनावों का रंग चढ़ने लगा है। इस बार अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरीं एडवोकेट शबनम अंजुम ने शनिवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद उनके समर्थकों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था।नामांकन दाखिल करने के बाद शबनम अंजुम के पति अकरम साबरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पत्नी क्षेत्र में एक शिक्षित और कर्मठ उम्मीदवार के रूप में जनता के बीच हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले चुनाव में जनता ने उन्हें सभासद के पद पर विजयी बनाकर उनके निस्वार्थ सेवा के प्रयासों को सराहा था। इस बार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने का निर्णय क्षेत्र की जनता के प्यार और समर्थन को देखते हुए लिया गया है।
—————————————
विकास की नई दिशा का वादा….अकरम साबरी ने भरोसा जताया कि शबनम अंजुम के पास नगरपंचायत के विकास के लिए एक स्पष्ट और बेहतर दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा, “हमारे लिए काम करना ज्यादा मायने रखता है, बातें बनाना नहीं। अकरम साबरी ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है। अब हम चाहते हैं कि कलियर नगरपंचायत को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाया जाए।”
—————————————
जनता का खुला समर्थन….नामांकन प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने शबनम अंजुम की उम्मीदवारी पर भरोसा जताया। शबनम अंजुम को एक शिक्षित और सुलझी हुई उम्मीदवार बताते हुए अकरम साबरी ने कहा कि उनके पास विकास के लिए व्यावहारिक योजनाएं और उसे लागू करने का मजबूत इरादा है। उन्होंने बताया उनकी पत्नी नगरपंचायत के हित में हरसंभव प्रयास करेंगी।
—————————————इस चुनावी माहौल में शबनम अंजुम की उम्मीदवारी ने पिरान कलियर नगरपंचायत चुनाव को और रोचक बना दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता उनके विकास के वादों और नेतृत्व के प्रति कितना भरोसा जताती है।