पुलिस कप्तान ने पिरान कलियर थाने का किया मुआयना, अच्छी व्यवस्थाओं पर थपथपाई पीठ..
बाहरी लोगों के सत्यापन और जनता की समस्याओं को प्राथमिक आधार पर सुलझाने के निर्देश..

पंच👊नामा
पिरान कलियर: पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने पिरान कलियर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत सेरिमोनियल गार्ड की शानदार सलामी के साथ हुई, जिसमें एसपी देहात स्वप्न किशोर, मंगलौर सीओ विवेक कुमार, स्टेनो पेशकार और थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रमेन्द्र डोबाल ने थाना प्रशासन को सुव्यवस्थित और उत्तरदायित्व पूर्ण रखने के उद्देश्य से कई आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने थाने में रखे गए अस्लहों की जांच की। उन्होंने थाने के सब-इंस्पेक्टरों से अस्लहों का खोलना और जोड़ना करवाकर उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया।
प्रमेन्द्र डोबाल ने अस्लहों की नियमित सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई, साथ ही थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि सभी अस्लहों को व्यवस्थित रखा जाए और उनकी देखरेख में कोई भी कमी न आने पाए।
इसके साथ ही पुलिस कप्तान ने थाना क्षेत्र में बाहरी कामगारों के नियमित सत्यापन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में काम करने वाले बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
जिससे कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इस दिशा में नियमित सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान तुरंत की जा सके।
—————————————-
“जनता की समस्याओं को प्राथमिकता पर रखें…..प्रमेन्द्र डोबाल ने थाना अध्यक्ष को निर्देशित किया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि आमजन की शिकायतों पर तुरंत ध्यान देना और समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुलिस कप्तान ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि थाने में आने वाली प्रत्येक शिकायत का निवारण उचित समय सीमा में हो, ताकि जनता का पुलिस प्रशासन पर और मजबूत रहे।
—————————————-
अभिलेखों, शस्त्र गृह, बैरक और भोजनालय का गहन निरीक्षण…..पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने थाने के अभिलेखों, कंप्यूटर कक्ष, शस्त्र गृह, भोजनालय और बैरक का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि सभी दस्तावेज सुव्यवस्थित तरीके से रखे गए हैं या नहीं और उनकी देखरेख के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है या नहीं। साथ ही उन्होंने कंप्यूटर कक्ष में भी जाकर वहां रखे उपकरणों और डेटा प्रबंधन की जांच की।
शस्त्र गृह की स्थिति को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने थानाध्यक्ष को शस्त्र गृह की सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने थाने के भोजनालय और बैरकों का भी जायजा लिया और इनकी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
—————————————-
पुलिसकर्मियों की सराहना….पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने निरीक्षण के दौरान पाया कि थाना पिरान कलियर में अधिकांश व्यवस्थाएं सही ढंग से संचालित हैं। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि एक सुव्यवस्थित थाना ही पुलिस प्रशासन की मजबूत कड़ी है और इसी आधार पर आम जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ता है।
—————————————-
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी….निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के साथ एसपी देहात स्वप्न किशोर, मंगलौर सीओ विवेक कुमार और थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी समेत थाना पिरान कलियर के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस कप्तान ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।