
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। ज्वालापुर क्षेत्र में पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए वारंटियों की गिरफ्तारी,
अवैध शराब तस्करी, सट्टे के कारोबार पर प्रहार और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर शिकंजा कसते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों, वारंटियों, नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीमों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके तहत ज्वालापुर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई मामलों का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस की इस कार्रवाई में वारंटियों की गिरफ्तारी से लेकर अवैध शराब तस्करी, सट्टा संचालन और शांति व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया गया।
इसी अभियान के तहत माननीय न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामील करते हुए ज्वालापुर पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जय कुमार पुत्र अतर सिंह निवासी मोहल्ला कोटराबान, मनोज शर्मा पुत्र ओमप्रकाश निवासी सुभाष नगर, आशीष शर्मा पुत्र संजय शर्मा निवासी चोर गली पांडेय वाला व उदय पुत्र राजू निवासी इंदिरा बस्ती शामिल हैं। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनीष भंडारी, अपर उप निरीक्षक गंभीर तोमर, कांस्टेबल अनिल चौहान, कांस्टेबल खजान सिंह, कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल कर्म चौहान शामिल रहे।
इसके अलावा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 102 पव्वे देशी शराब माल्टा मार्का बरामद की। खन्ना नगर निवासी शिव प्रसाद पुत्र बच्ची राम के कब्जे से 52 पव्वे और सुभाष नगर निवासी वंश शर्मा पुत्र मनोज शर्मा के कब्जे से 50 पव्वे देशी शराब बरामद हुई। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में कांस्टेबल अनिल चौहान, कांस्टेबल खजान सिंह, कांस्टेबल अमित गॉड, कांस्टेबल राजेश बिष्ट, कांस्टेबल नरेंद्र राणा और कांस्टेबल संजय राणा शामिल रहे।
पुलिस ने सट्टे के अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई करते हुए मोहल्ला मैदानियान निवासी सैफ अली पुत्र नफीस अहमद को सट्टे की खाई-बाड़ी करते गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1450 रुपये नकद बरामद किए गए। उसके विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
वहीं, शांति व्यवस्था भंग करने के एक अन्य मामले में ज्वालापुर क्षेत्र के मोहल्ला कस्सावान से आपसी लड़ाई-झगड़ा कर माहौल खराब करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल कुरैशी पुत्र मुर्सलीन (26 वर्ष), साहुर कुरैशी पुत्र मुर्सलीन (25 वर्ष) और फारूक पुत्र इकबाल (35 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक समीप पाण्डेय, कांस्टेबल गणेश तोमर और कांस्टेबल रवि चौहान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा व कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



