
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: तिब्बती मार्केट में बुधवार को गैस एजेंसी के मालिक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।
देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सनसनीखेज हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर जिलेभर में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सघन चेकिंग अभियान और नाकेबंदी की गई थी।
इसी दौरान तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
वहीं दूसरी घटना लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में सामने आई। चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस के रोकने पर नहीं रुका और वाहन मोड़कर पास की एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया। यहां उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उनसे पूछताछ के आधार पर गैस एजेंसी मालिक हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद से पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।



