
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: देर रात हुए मासूम बच्ची के अपहरण मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई। फुटपाथ से चोरी हुई दो वर्षीय बच्ची को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस टीमों की लगातार दबिश और सक्रियता से घबराकर कथित अपहरणकर्ता बच्ची को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी, वहीं पुलिस की तत्परता की सराहना भी हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बहुस्तरीय कार्रवाई शुरू की गई। सिटी कोतवाली पुलिस, एएचटीयू और सीआईयू की पांच संयुक्त टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया गया।
दरअसल, बीती रात तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से अज्ञात व्यक्ति द्वारा दो साल की बच्ची को उठा लिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने जनपद के संवेदनशील स्थानों, बॉर्डर क्षेत्रों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी।
मैन्युअल पुलिसिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार चलाए गए अभियान के बाद पुलिस को बच्ची हरिद्वार के ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में मिली, जहां से उसे सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस की सक्रियता और बढ़ते दबाव के चलते अपहरणकर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिसके बाद परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की।



