अपराधहरिद्वार

“रानीपुर में पशु चोरों पर पुलिस का प्रहार, राजा-साहिब गिरफ्तार, गाय-भैंस बरामद..

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई, चंद घंटों में दो मामलों का खुलासा; चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार; रानीपुर क्षेत्र में पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोरों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों राजा और साहिब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक गाय और एक भैंस बरामद हुई है, जबकि एक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों में हड़कंप मचा है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस ने पशु चोरी के दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश तेज की और महज कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को दबोचकर चोरी किए गए पशु बरामद कर लिए।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पहली कार्रवाई में भैंस चोरी के आरोपी साहिब को सुमननगर स्थित चोर खंबा के पास अमरूद के बाग से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुतुबपुर गांव से चोरी की गई भैंस बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन एम्स में भर्ती है और इलाज के लिए पैसों की जरूरत के चलते उसने भैंस चोरी की थी। आरोपी के मुताबिक, चोरी करने के बाद उसने भैंस को रात में अमरूद के बाग में बांध दिया था और बाद में उसे बेचने के लिए गागलहेड़ी ले जाने की तैयारी में था।बीएचईएल में गाय चोरी करने पहुंचा था राजा, पुलिस ने दबोचा…..
पुलिस की दूसरी कार्रवाई में राजा को सूखी नदी, सेक्टर-5 बीएचईएल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गुलाम रसूल के डेरे से गाय चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने 28 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, राजा अपने तीन अन्य साथियों के साथ गाय चोरी करने पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस को देखकर कार सवार उसके साथी मौके से फरार हो गए, जबकि मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से राजा गिर पड़ा और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई गाय और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की।टिहरी विस्थापित कॉलोनी और सेक्टर-4 में भी चोरी की बात कबूली….
पुलिस पूछताछ में राजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर टिहरी विस्थापित कॉलोनी में नए पुल के पास और बीएचईएल के सेक्टर-4 से भी गाय चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इन वारदातों में सेंट्रो कार का इस्तेमाल किया गया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोनों मामलों में बरामदगी और जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।एक लाख साठ हजार रुपये के पशु बरामद…..
पुलिस के मुताबिक, बरामद भैंस की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये और गाय की कीमत करीब 60 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पुत्र निसार, उम्र 24 वर्ष, निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर, हरिद्वार और साहिब पुत्र मुर्सलीन, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गढ़ दादा पीर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है, जबकि गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!