
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: थाना सिडकुल में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब पुराने विवाद में पूछताछ के लिए बुलाए गए दो पक्ष आपस में ही भिड़ गए। कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हुड़दंग और मारपीट की नौबत तक पहुंच गया। पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े और माहौल बिगाड़ने लगे। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सिडकुल प्रभारी नितेश शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था, जिसके चलते दोनों ने थाने में प्रार्थना पत्र दिए थे। इसी सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन थाने में ही मामला फिर से गरमा गया।
अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए हुड़दंग कर रहे सभी आरोपियों को काबू किया। समझाने के बावजूद जब दोनों पक्ष शांत नहीं हुए और एक-दूसरे को मारने-पीटने पर उतारू हो गए, तो पुलिस ने तत्काल धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपी शोभित, अनिल, सुग्रीव, राजीव और गौरव (सभी निवासी विभिन्न जनपद, हाल निवासी महादेवपुरम, थाना सिडकुल के रहने वाले हैं। पुलिस टीम में अ0उ0नि0 संजय चौहान, हेडकांस्टेबल विनोद चौहान व कांस्टेबल हरिराज शामिल रहे।



