
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार के भीमगोडा रामलीला में शुक्रवार की रात ताड़का वध मंचन के दौरान बैंगन गैंग के लड़कों ने धावा बोल दिया। लाठी-डंडे व चाकू के साथ-साथ उन्होंने पत्थरों से हमला किया। जिससे अफ़रा-तफरी मच गई और करीब 20 लोग घायल हो गए। रामलीला कमेटी से जुड़े लोगों ने
हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया।

बचने के लिए तीन हुड़दंगी गंगा में कूद गए। एक आरोपी को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाकियों का कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस की शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि शहर के छुटभैया लौंडो के दो गुटों में गैंगवार हुई है। जिनमें एक गुट बैंगन गैंग के नाम से कुख्यात है। इस मामले में रामलीला कमेटी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया है।

उत्तरी हरिद्वार के भीमगोडा में श्री राम नाट्य संस्थान की ओर से पिछले 67 साल से रामलीला मंचन किया जा रहा है। शुक्रवार की रात ताड़का वध का मंचन चल रहा था। इस दौरान करीब 20-25 लड़कों का एक झुंड हाथ में लाठी डंडे और चाकू लेकर रामलीला में घुस गया। उन्होंने कुछ युवकों के अलावा रामलीला देख रहे दर्शकों पर हमला कर दिया। जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। अचानक हुए इस हमले से अफरा तफरी मच गई।

रामलीला कमेटी से जुड़े पदाधिकारी आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़े तो वे भीमगोडा पुल की तरफ भागने लगे। गंगा में कूदे तीन युवकों में से एक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। घटना को लेकर रामलीला कमेटी और स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए हैं। साथ ही ऐसे अन्य गैंग को अभियान चला कर चिन्हित करने के लिए कहा है।
———————————————
युवक की तलाश में पहुंचा बैंगन गैंग……..

आरोपी से पूछताछ में पता चला कि हमला बैंगन गैंग ने किया है। आरोपी ने बताया कि रात में इस्कॉन मंदिर के पास उनका दूसरे गुट के साथ झगड़ा हुआ था। तब पुलिस आ गई थी और दोनों ही भाग निकले थे। बाद में एक गुट में शामिल युवक रामलीला देखने चला गया। उसकी तलाश में बैंगन गैंग के लड़के रामलीला में ही पहुंच गए और धावा बोल दिया।

रामलीला कमेटी से जुड़े पूर्व पार्षद लखन लाल चौहान ने बताया कि हमले में करीब 20 लोग घायल हुए हैं और मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी जा रही है। वहीं, शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि खड़खड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगाई गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर ले जाएगा।