
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: रानीपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले और धूम्रपान करने वालों पर पुलिस ने सोमवार शाम कड़ी कार्रवाई की। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में रानीपुर पुलिस ने कुल 62 व्यक्तियों के चालान किए और उनसे 17,200 रुपये जुर्माना वसूला।
रानीपुर क्षेत्र के गैस प्लांट, बैरियर नंबर-6, सलेमपुर चौराहा, सलेमपुर, सुमन नगर और BHEL मध्य मार्ग से लगातार शिकायत मिल रही थी कि शाम के समय कुछ युवक खुले में शराब पीते हैं, जिससे महिलाओं और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी के चलते पुलिस ने कई टीमों को क्षेत्र में तैनात कर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 40 लोगों के चालान कर 8,700 रुपये वसूले गए। पुलिस ने सभी को सख्त चेतावनी दी कि खुले में शराब पीते पकड़े जाने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही धूम्रपान करते मिले 6 व्यक्तियों पर कोटपा अधिनियम के तहत 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वाहन चेकिंग में नियम तोड़ने पर 16 वाहनों के चालान कर 8,500 रुपये वसूले गए। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और शाम के समय सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान की अगुवाई में चली कार्रवाई
अभियान की कमान वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने संभाली।
टीम में उप निरीक्षक विकास रावत, उप निरीक्षक अर्जुन कुमार, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल गंभीर तोमर, करम सिंह, उदय चौहान और महेन्द्र तोमर शामिल रहे।



