
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: धर्मनगरी में रैपिडो से जुड़े चालक की अभद्रता का मामला सामने आया है। ज़्यादा किराया नहीं देने पर चालक ने ग्राहक को फोन कर गाली-गलौज की और आपत्तिजनक संदेश भेजे। गाली-गलौच की रिकॉर्डिंग और मैसेज के स्क्रीनशॉट दिखाते हुए पीड़ित ने चालक पर मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही कंपनी को नोटिस भी भेजा है। घटना के बाद रैपिडो की सेवाओं और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
खड़खड़ी निवासी कालू वर्मा ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 24 जनवरी 2026 को रैपिडो ऐप से भीमगोड़ा बैरियर से विशाल मेगामार्ट तक राइड बुक की थी। आरोप है कि राइड स्वीकार करने के बाद चालक ने तय किराए से अधिक पैसे मांगे। मना करने पर उसने राइड रद्द कर दी।
पीड़ित के अनुसार इसके बाद चालक भड़क गया और फोन पर लगातार गाली-गलौज करने लगा। साथ ही आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे, जिससे उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशानी हुई। घटना की रिकॉर्डिंग और मैसेज सुरक्षित होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक चालक की गाड़ी का नंबर MH0ZFC6907 और मोबाइल नंबर 8454977877 बताया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। उधर पीड़ित ने कंपनी को लीगल नोटिस भेजकर जवाबदेही तय करने की मांग की है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर ऐप आधारित कंपनियां अपने चालकों के व्यवहार और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर हैं।



