‘रोमियो लेन बार’ पर सख्ती का शिकंजा: देर रात शराब परोसने पर 30 हजार का जुर्माना, फिर रेड के संकेत से सहमे ग्राहक..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर हाल ही में शुरू हुआ ‘रोमियो लेन’ बार खुलते ही विवादों में घिर गया है। देर रात तक शराब परोसने की शिकायतों के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का चालान किया है। वहीं, बार से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाओं के चलते प्रशासन की नजरें लगातार इस पर टिकी हुई हैं।
हरिद्वार क्षेत्र में नए खुले ‘रोमियो लेन’ बार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। देर रात तक शराब परोसने की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर जांच की। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर बार संचालक पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बताया जा रहा है कि बार के संचालन के शुरुआती दिनों से ही यहां गतिविधियों को लेकर विवाद बना हुआ है। हाल ही में सामने आए मामले में आरोप था कि देर रात तक खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। हालांकि, जांच के दौरान बार संचालक ने अपनी सफाई में ग्राहकों पर ही जिम्मेदारी डालते हुए कहा कि उन्होंने तय समय के बाद शराब नहीं परोसी, बल्कि ग्राहक खुद देर तक बैठे रहे।
इस दलील के बाद अब यह आशंका भी जताई जा रही है कि भविष्य में किसी भी कार्रवाई की स्थिति में जिम्मेदारी ग्राहकों पर डाली जा सकती है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि किसी भी प्रकार की असहज या अपमानजनक स्थिति से बचा जा सके।
प्रशासन की नजर, फिर हो सकती है कार्रवाई….
सूत्रों के मुताबिक, जिला प्रशासन को बार में चल रही अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी मिली है! इन इनपुट्स के आधार पर आने वाले दिनों में दोबारा कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सावधानी की सलाह…
प्रशासनिक सख्ती को देखते हुए आमजन को भी सलाह दी जा रही है कि किसी भी विवादित स्थल पर जाने से पहले सोच-समझकर निर्णय लें। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जद में आने से बेहतर है पहले से सतर्कता बरतना।



