पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: विधानसभा सत्र के बीच राजधानी के पॉश इलाके रेसकोर्स में एक नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी से लटका मिलने का मामला तूल पकड़ गया। परिजनों ने उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जिसको लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व प्रीतम सिंह समेत कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया। वेल में आकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा से वॉकआउट तक कर दिया। इधर, पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया तो मौत का कारण रस्सी से गला घुटना सामने आया। चंद घंटे की कसरत में प्रकरण को लेकर काफी कुछ स्थिति स्पष्ट हो गई।
पुलिस कप्तान अजय सिंह ने इस पूरे मामले की खुद निगरानी करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। 15 साल की किशोरी देहरादून के विक्रम लूथरा नामक व्यक्ति के यहां घरेलु काम करती थी। आज सुबह किशोरी का शव बाथरूम में रस्सी से लटका मिला था, जिसे मकान मालिकों ने उतारकर पुलिस को सूचना दी।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतका के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। साथ ही मृतका का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल के माध्यम से कराया गया।
इसके अलावा एक पुलिस टीम ने घटना स्थल पर फील्ड यूनिट की टीम बुलाकर घटनास्थल की फोटो/वीडियोग्राफी कराई और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर उसका अवलोकन किया गया।
सीसीटीवी में लड़की सुबह लगभग 9:27 पर स्टूल लेकर बाथरूम की ओर जाती दिखाई दी, और लगभग 10:19 पर अभिषेक लूथरा सहित अन्य चार से पांच लोग किशोरी को खोजते हुए बाथरूम की ओर जाते हुए दिखाई दिए।
जो लड़की को बाथरूम से वापस लाकर प्राथमिक उपचार देने की कोशिश करते दिखाई दे रहे है। जिस मामले को लेकर काफी कुछ साफ हो गया और प्रथम दृष्टया आत्महत्या का ही मामला माना जा रहा है। यह बात अलग है कि आत्महत्या के पीछे का कारण सामने आना जरूरी है। पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई है।
बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण Suicidal Hanging पाया गया, साथ ही मृतका के शरीर पर किसी तरह का कोई चोट का निशान भी नही पाया गया, वही sexual assault की बात भी रिपोर्ट में नही आई है। डॉक्टरों के बयान दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
—————————————-
मुकदमा दर्ज कर पूछताछ में जुटी पुलिस….
पुलिस के मुताबिक, किशोरी लक्ष्मी साहनी निवासी मुजफ्फरपुर बिहार हाल पता धर्मपुर देहरादून अपने माता पिता और चार अन्य भाई-बहनों के साथ रहती थी। रेसकोर्स रोड़ स्थित फ्लैट में विक्रम लूथरा के यहां घरेलू काम करती थी। मृतका के पिता की तहरीर पर थाना नेहरू कॉलोनी में उसकी हत्या किए जाने के संबंध में अभिषेक उर्फ राजा लूथरा, उसकी पत्नी व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूर्व में ही संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी।
—————————————
मकान मालिक ने खुद दी पुलिस को सूचना…..
मकान मालिक अभिषेक लूथरा ने अपने पिता के साथ चौकी फव्वारा चौक आकर पुलिस को बताया किया उनके घर मे काम करने वाली किशोरी ने घर के बाथरूम में फांसी लगाई है, जिसव वह अन्य लोगों की मदद से कोरोनेशन अस्पताल ले गए। जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।