पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार/रुड़की: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण पर सहारनपुर में जानलेवा हमले के बाद उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह के बयान पर क्षत्रिय समाज भड़क उठा है। रुड़की में जहां क्षत्रिय समाज समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। वहीं, रोशनाबाद कचहरी की एक महिला अधिवक्ता ने थाना सिडकुल थाने में महक सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आला अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। एसएसपी अजय सिंह में सभी थाना कोतवाली प्रभारी को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर रावण पर गुरुवार को सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी थी। जिससे चंद्रशेखर घायल हो गए। चंद्रशेखर पर जानलेवा हमले के बाद उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

गुरुवार को ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह कार्यकर्ताओं के साथ रोशनाबाद पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि उसी दौरान महक सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षत्रिय समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप यह भी है कि महक सिंह ने फेसबुक पर भी क्षत्रिय समाज को लेकर अपमानजनक बातें लिखी। शुक्रवार को इस मामले को लेकर क्षत्रिय समाज के लोग भड़क उठे। रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में पहुंचे क्षत्रिय समाज के लोगों ने कोतवाली के परिसर में ही धरना देकर हंगामा किया और महक सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दूसरी तरफ रोशनाबाद कचहरी में प्रैक्टिस करने वाली महिला अधिवक्ता तोशी चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 50 लोगों के साथ ज्ञापन देने के दौरान महक सिंह ने क्षत्रिय समाज को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहते हुए माहौल भड़काने का प्रयास किया है।
महिला अधिवक्ता ने तहरीर के साथ एक वीडियो भी पुलिस को दी। जिस पर सिडकुल थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने वाला अधिकारियों को अवगत कराया और तहरीर के आधार पर महक सिंह निवासी देवलोक कॉलोनी रुड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
—————————————
“क्षत्रियों पर की यह टिप्पणी…..

वीडियो के आधार पर आरोप लगाया गया है कि महक सिंह ने क्षत्रियों को अंग्रेजों की नाजायज औलाद बताते हुए अपमानजनक, आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की है। कई अन्य वीडियो में महक भाजपा और संघ पर भी हमला बोलते हुए सुनाई दिया जा रहे हैं। यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है, जब रुड़की के बेलड़ा में हुए बवाल को लेकर राजनीति चरम पर है। पुलिस प्रशासन पहले ही जिले की कानून और शांति व्यवस्था को लेकर सकते में है। अब नया विवाद सामने आने से पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। खुफिया विभाग भी माहौल की नजाकत भांपने में जुटा है।