बेटी के हौसले को सलाम, हरिद्वार की निशा नौटियाल बनी बैंक अफसर..
बैंक ऑफ इंडिया में मिली नियुक्ति, परिवार में खुशी की लहर, प्रेस क्लब हरिद्वार ने भी दी शुभकामनाएं..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कठिन परिश्रम और बुलंद हौसले की मिसाल बनी ऋषिकुल निवासी निशा नौटियाल ने बैंकिंग क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल कर हरिद्वार का नाम रोशन किया है। इंस्टिट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) द्वारा आयोजित देशव्यापी प्रतियोगिता में सफलता अर्जित कर निशा को बैंक ऑफ इंडिया में प्रोबेशनरी ऑफिसर पद पर नियुक्ति मिली है। निशा की इस कामयाबी ने जहां उनके परिवार में खुशी का माहौल बनाया है, वहीं धर्मनगरी हरिद्वार के लिए भी यह गर्व का क्षण है। तीन स्तरों पर आयोजित इस चयन प्रक्रिया में निशा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
—————————————
तीन परीक्षाएं, एक सपना……आईबीपीएस की ओर से 19 अक्टूबर 2024 को प्रारंभिक परीक्षा कराई गई थी। इसके बाद 30 अक्टूबर को मुख्य परीक्षा और फरवरी 2025 में साक्षात्कार आयोजित हुआ। हर चरण में निशा ने उम्दा प्रदर्शन कर सफलता के शिखर को छुआ।
—————————————
सपनों को मिले पंख…..
बैंक ऑफ इंडिया के नोएडा स्थित प्रशिक्षण संस्थान में निशा का तीन सप्ताह का प्रशिक्षण 30 जून से आरंभ होगा। इसके बाद उन्हें किसी शाखा में पोस्टिंग दे दी जाएगी। निशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि— “अगर इरादे मजबूत हों और मार्गदर्शन सच्चा हो तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं रहती।”
—————————————
परिवार में खुशी की लहर……पिता सत्य प्रकाश नौटियाल और माता श्रीमती उषा नौटियाल (सहायक अध्यापिका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय गाजीवाली) बेटी की इस उपलब्धि से भावुक हैं। उन्होंने बताया कि निशा ने खुद को पूरी तरह तैयारी में झोंक दिया था। अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
—————————————
पत्रकारिता जगत में भी उत्साह…..
वरिष्ठ पत्रकार और प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष दीपक नौटियाल, जो कि निशा के चाचा हैं, ने कहा— “हर युवा को निशा से प्रेरणा लेनी चाहिए। यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।”
—————————————
हरिद्वार के प्रबुद्धजनों ने दी शुभकामनाएं……निशा की सफलता पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव दीपक मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, डॉ. रजनीकांत शुक्ला, राजेंद्र नाथ गोस्वामी, श्रवण झा, संजय आर्य, पूर्व महासचिव प्रदीप जोशी, अश्वनी अरोरा, मनोज रावत, वरिष्ठ पत्रकार कुल भूषण शर्मा, मेहताब आलम, महावीर नेगी और ऋषिकुल पार्षद ललित रावत समेत तमाम गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।