रहस्यमयी मौतों से सनसनी: मंगलौर क्षेत्र में अलग-अलग जगहों से तीन शव बरामद..
एक ही दिन में तीन शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस..

पंच👊नामा
शमीम खान, रुड़की: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र बुधवार को उस समय सनसनी का केंद्र बन गया जब अलग-अलग स्थानों से तीन अज्ञात शव बरामद किए गए। महज कुछ घंटों के भीतर तीन शवों की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की गहनता से जांच कर रही है, जबकि दो शवों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
———————————–
होंडा सिटी कार नहर में मिली, चालक की मौत…..बुधवार सुबह मोहम्मदपुर झाल के पास ग्रामीणों को एक होंडा सिटी कार नहर में गिरी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही नारसन चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार को नहर से बाहर निकलवाया गया।
कार के भीतर एक युवक का शव मिला। जांच के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान धर्मेंद्र पुत्र बलबीर सिंह, निवासी भोगांव सहारा, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की अस्पताल भेज दिया गया है।
———————————–
दूसरा शव लिब्बाहरेहड़ी के पास मिला, पहचान अज्ञात……..इसी दिन लिब्बाहरेहड़ी के पास एक करीब 35 वर्षीय व्यक्ति का शव भी बरामद किया गया। शव की पहचान नहीं हो सकी है। शव करीब 3 से 4 दिन पुराना है,
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह व्यक्ति मानसिक रोगी प्रतीत होता है। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
———————————–
तीसरा शव आसफनगर झाल के पास मिला, हाथ पर टैटू से पहचान की कोशिश……तीसरी घटना में आसफनगर झाल के पास से एक और शव मिला है। मृतक के हाथ पर कुछ चिन्ह (टैटू) गुदे हुए हैं, जिनके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
शव 10 से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है, फिलहाल यह शव भी अज्ञात है और पुलिस ने इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
———————————–
कोतवाली प्रभारी का बयान…..कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक मृतक की पहचान हो चुकी है और उसके परिजनों को सूचना दी गई है, जबकि दो अन्य शवों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है।