
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में महिला से सोने के कुंडल झपटने की वारदात का पुलिस ने चंद दिनों में खुलासा कर दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देश पर चल रही ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को मय माल और बाइक सहित दबोच लिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी और दो शादियों का हवाला देते हुए अपराध करना कबूल किया।
एसपी सिटी अभय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बीती 27 मार्च को रोशनाबाद निवासी महिला की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ कुंडल झपटमारी का मुकदमा थाना सिडकुल में दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण और लगातार सुरागरसी की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध नसीम मलिक को पकड़ लिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और पीली धातु के कुंडल बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी का विवरण….
नसीम मलिक पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा (32 वर्ष), निवासी ग्राम गोविंदपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार।
पुलिस टीम…
1:- थानाध्यक्ष नितेश शर्मा
2:- वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर
3:- उपनिरीक्षक शैलेन्द्र ममगाई
4:- हेड कांस्टेबल देशराज
5:- हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह
6:- हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक
7:- कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद



