“महिला अस्पताल में शर्मनाक लापरवाही: गर्भवती से अभद्रता, वेटिंग वार्ड में हुआ प्रसव, डॉक्टर की सेवाएं समाप्त..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: ब्रह्मपुरी निवासी एक गर्भवती महिला सोमवार देर रात डिलीवरी के लिए महिला अस्पताल पहुंचीं। महिला का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सोनाली ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और लापरवाही बरती। इसी वजह से उन्हें वेटिंग वार्ड में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। गनीमत रही कि महिला और बच्चा दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं।
—————————————-
जांच के बाद कार्रवाई, संविदा से हटाई गई डॉक्टर…..मामले की शिकायत मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने जांच कराई। जांच में डॉक्टर सोनाली दोषी पाई गईं। इसके बाद उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। डॉक्टर सोनाली संविदा पर कार्यरत थीं।
—————————————-
मरीजों के साथ व्यवहार पर दिए गए निर्देश…..अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील और मानवीय व्यवहार जरूरी है। इस घटना के बाद सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इलाज के दौरान किसी भी मरीज के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————————————-
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल…..यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करती है। हाल ही में हरियाणा में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब एक गर्भवती महिला को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया था। ऐसे मामलों से साफ है कि स्वास्थ्य तंत्र में सुधार की आवश्यकता बनी हुई है।