
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में श्यामपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का शोषण करने वाले फरार इनामी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने उसे उसके गृह जनपद बाराबंकी से दबोचा।श्यामपुर थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि जुलाई में क्षेत्र की एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि रितेश यादव निवासी ग्राम बहावपुर, थाना फतेहपुर कोतवाली, जिला बाराबंकी ने उससे प्रेम प्रसंग कर शादी का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय से उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया। साथ ही पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
नगर पुलिस अधीक्षक पंकज गैरोला और क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी की देखरेख में गठित टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता लगाया और शुक्रवार को उसे फतेहपुर, बाराबंकी से दबोच लिया। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
रितेश यादव (25 वर्ष) पुत्र मुनेश्वर प्रसाद निवासी ग्राम बहावपुर, थाना फतेहपुर कोतवाली, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।गिरफ्तारी टीम…..
थानाध्यक्ष मनोज शर्मा
महिला उपनिरीक्षक अंजना चौहान (विवेचक)
उपनिरीक्षक रणजीत सिंह चौहान
कांस्टेबल राहुल देव
कांस्टेबल अनिल रावत