
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में एक बुजुर्ग किरायेदार की संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का शक गहराता जा रहा है। मकान मालिक ने मृतक के बेटों पर क्रिकेट बैट से हमला कर हत्या करने और फिर शव को चुपचाप गांव ले जाकर अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया है। सिडकुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—————————————-
झगड़े के बाद आई चोटें, फिर अस्पताल ले जाने की बात कहकर गायब हुए परिजन…..सिडकुल निवासी सुनील धनगर के घर अशोक कुमार निवासी बिजनौर अपने परिवार के साथ किराये पर रह रहा था। वह राजा बिस्कुट चौक के पास ढाबा चलाता था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अशोक अपने बेटों से बहस करता हुआ घर लौटा। उसके सिर पर चोट के निशान थे। कुछ ही देर बाद बेटों ने उसे नीचे लाकर अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन रातभर उनका कोई संपर्क नहीं हुआ।
—————————————-
सुबह पता चला—अंतिम संस्कार हो चुका है….सुबह मकान मालिक ने जब जानकारी ली तो बताया गया कि अशोक की मौत हो गई है और परिवार उसे लेकर बिजनौर चला गया, जहां पुलिस को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया गया।
—————————————-
क्रिकेट बैट से हमला करने का आरोप, केस दर्ज….सुनील धनगर ने सचिन और शिवम नाम के बेटों पर आरोप लगाया कि उन्होंने पिता से झगड़े के दौरान क्रिकेट बैट से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में मामले को दबाने के लिए शव को चुपचाप गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
—————————————-
जांच में जुटी पुलिस, परिजन घर से गायब….एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है और मामला पूरी तरह संदिग्ध है। बिना पुलिस सूचना के अंतिम संस्कार करना भी संदेह पैदा करता है। उन्होंने कहा कि जांच में हत्या की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।