“एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बदले 24 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र, सुदृढ़ हुआ इंटेलिजेंस नेटवर्क..
आगामी कुंभ मेला व चुनाव के मद्देनज़र हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रशासनिक कदम..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: आगामी कुंभ मेला 2027 और निकट भविष्य में संभावित चुनावी गतिविधियों को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जनपद की अभिसूचना इकाई एवं उप इकाइयों में व्यापक फेरबदल किया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर 24 अधिकारी व कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है।
पुलिस महकमे के सूत्रों के अनुसार, कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन और चुनावी माहौल में आंतरिक सुरक्षा, संवेदनशील सूचनाओं के संकलन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने के उद्देश्य से यह रणनीतिक बदलाव किया गया है। फेरबदल में अनुभवी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं कुछ अधिकारियों को सोशल मीडिया व राजनीतिक इनपुट से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
खुफिया तंत्र को ज़मीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद…..
जारी आदेश के तहत अभिसूचना इकाई हरिद्वार, नगर हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की, बहादराबाद, भगवानपुर, लक्सर, खानपुर, मंगलौर सहित अन्य उप इकाइयों में तैनात अधिकारियों को आपसी अदला-बदली कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
खास बात यह है कि सोशल मीडिया और राजनीतिक फीडबैक से जुड़े पदों पर भी अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि अफवाह, भड़काऊ पोस्ट और असामाजिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
