मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर भगदड़, कई श्रद्धालु घायल, अनहोनी की भी आशंका..
बिजली का तार टूटकर गिरने से मची अफरा-तफरी, राहत व बचाव कार्य में जुटा पुलिस प्रशासन, (देखें वीडियो)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर रविवार सुबह अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अभी तक करीब 7 लोगों की मौत की खबर मिल रही है। हालांकि अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा एक बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया। तार गिरते ही भगदड़ मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी फैल गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला और नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
कुछ श्रद्धालुओं के साथ अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि अभी तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल की छानबीन की जा रही है।
फिलहाल जिला अस्पताल में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है, वहीं पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित भी मौके पर पहुंच गए हैं।
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय को भी देहरादून से हरिद्वार रवाना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि 35 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है। इनमें करीब 15 को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।