अपराधदेहरादून

“SSC परीक्षा में हाईटेक नकल कराने वाले गिरोह पर STF का शिकंजा, दिल्ली से एक और गिरफ्तार..

परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस देने के लिए गिरोह को भेजा था IP, पर्यवेक्षक की भूमिका पर उठे सवाल; पहले पकड़े जा चुके हैं सात आरोपी..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून; प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी कर मेधावी अभ्यर्थियों के हक पर डाका डालने वाले हाईटेक नकल गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। फरवरी 2026 में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में एसटीएफ ने गिरोह के एक और कथित सदस्य को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था। आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोटली एक्सेस करने के लिए गिरोह के सदस्यों को IP उपलब्ध कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी से परीक्षा में सेंधमारी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल और अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के आदेशों के क्रम में एसटीएफ राज्यस्तरीय परीक्षाओं के साथ केंद्र सरकार की ओर से आयोजित परीक्षाओं में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान (22 वर्ष), निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को SSC की MTS एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उसके दायित्वों में अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करना और परीक्षा केंद्र में नकल समेत अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर निगरानी रखना शामिल था। आरोप है कि इसी जिम्मेदारी के दौरान उसने परीक्षा केंद्र में स्थापित कंप्यूटरों को रिमोटली एक्सेस करने के लिए गिरोह के सदस्यों को IP भेजी थी।इस मामले में 14 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर, देहरादून में मुकदमा संख्या 58/2026 दर्ज किया गया था। मामला सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत पंजीकृत किया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए इसकी विवेचना उत्तराखंड एसटीएफ को सौंपी गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई गई।एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार अंकित कुमार नवंबर 2025 में SSC की टियर-1 मल्टीटास्किंग स्टाफ एवं क्लेरिकल स्टाफ परीक्षा में नकल से जुड़े एक अन्य मामले में भी वांछित चल रहा था। इस संबंध में कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी को परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े मामलों की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एसटीएफ इस प्रकरण में गिरोह के सात अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा गिरफ्तारी के बाद मामले में पूछताछ के दौरान कुछ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की बात कही गई है। एसटीएफ का कहना है कि इन तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।एसटीएफ टीम: पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल प्रमोद, कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल रवि पंत।

Advt.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!