“देहरादून में महंगाई के खिलाफ सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन..

पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: बढ़ती महंगाई के विरोध में शुक्रवार को सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने शहर के लैंसडाउन चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व सुराज सेवा दल के जिलाध्यक्ष (देहरादून) सुमित अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे और सरकार से तत्काल राहत देने की मांग कर रहे थे।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई की मार से परेशान है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का जीवनयापन दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए, अन्यथा सुराज सेवा दल प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और महंगाई के मुद्दे पर सरकार की नीतियों की आलोचना की।
इस अवसर पर देवेंद्र बिष्ट, देवेंद्र पाल, कावेरी जोशी, बिपिन सिंह, विजेंद्र, राजेश थापा, मेहरबान, संगीता, शिवम, प्रीति थापा, रीमा शर्मा, संजय, मदन बहुगुणा, सती, पूजा नेगी, दीपक राणा, विवेक चटवाल, कुनाल तथा अरविंद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



