
पंच👊🏻नामा
नितिन गुड्डू, हरिद्वार: एक तलाकशुदा महिला ने मुस्लिम युवक पर धार्मिक पहचान छिपाकर शादी करने और जबरन धर्मातंरण का आरोप लगाया है। महिला पथरी क्षेत्र की रहने वाली है और भगवानपुर निवासी पति से उसका अलग रहने का समझौता हुआ है। महिला का आरोप है कि ज्वालापुर ले जाकर उसका और चार साल के बेटे का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। हालांकि, पुलिस अभी आरोपों की गहराई तक पहुंचकर सच्चाई जानने में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि उसकी शादी भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसे दो बेटे हैं। पति से घरेलू विवाद के चलते पंचायत में दोनों के अलग रहने का समझौता हुआ था। तब से वह अपने मायके में पथरी क्षेत्र के गांव रहती आ रही है।

कुछ दिन पहले उसकी मुलाकात सचिन नामक युवक से हुई। आरोप है कि सचिन ने उसे अपने प्यार में फंसाकर शादी का झांसा दिया। जिसके बाद युवक उसे ज्वालापुर हरिलोक कॉलोनी में एक मौलवी के पास ले गया। वहां युवक ने उसे अपना असली नाम शोएब बताया और जबरन धर्म परिवर्तन कराया।

आरोप है कि उसके चार साल के बच्चे का भी धर्म परिवर्तन कराया। युवक ने उसका नाम रेशमा और बच्चे का नाम अरमान अली रखा और जबरन निकाह कर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां मारपीट करते हुए प्रतिबंधित मांस खिलाने का प्रयास भी किया।

आरोपित व उसके पिता ने जबरन नमाज पढ़ने को लेकर भी उसके साथ मारपीट की। कुछ दिन पहले वह मारपीट कर उसे पथरी क्षेत्र के एक गांव छोड़ गया। जहां वह किराये के मकान में रहती आ रही है और आरोपित उसे धमकियां दे रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।