राजनीतिहरिद्वार

सतपाल ब्रह्मचारी ने मदन कौशिक से जताया जान का खतरा, सम्पत्तियां छुपाने का भी आरोप..

कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी बोले, मुझे प्रचार से रोक रही एमजेपी (मदन जनता पार्टी)..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: धर्मनगरी में चुनावी जंग अब विरोध और आरोप-प्रत्यारोप से निकलकर जान के खतरे तक भी पहुंच गई है। कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से अपनी जान का खतरा जताया है। सतपाल ब्रह्मचारी ने पत्रकार वार्ता करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है और चुनाव के बीच में ही मदन कोशिक उनकी हत्या भी करा सकते हैं।

मदन कौशिक पर अपने नामांकन में बड़े पैमाने पर संपत्ति की जानकारी छुपाने सहित अन्य आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। एक सप्ताह पहले खन्नानगर और सोमवार देर शाम कनखल के बैरागी कैंप में प्रचार के दौरान भाजपा समर्थकों ने सतपाल ब्रह्मचारी और उनके समर्थकों को रोककर नारेबाजी की थी। इनके अलावा झंडे-बैनर उतारने समेत आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इस मामले में आज पूर्व पालिकाध्यक्ष व कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व हरिद्वार से भाजपा प्रत्याशी मदन कौशिक पर आरोप लगाए। सतपाल ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि मदन कौशिक शराब, धनबल और बाहुबल से चुनाव जीतना चाहते हैं। इसलिए उनके प्रचार में बाधा डालते हुए हिंसा का प्रयास किया जा रहा है। आरोप लगाया कि मदन कौशिक ने अपने नामांकन पत्र में करोड़ों रुपए की संपत्तियां, जो उनकी पत्नी के नाम है उनकी जानकारी छुपाई है। जिसके प्रमाण भी उनके पास मौजूद हैं।

सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा में अच्छे लोग भी हैं, लेकिन हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी नहीं, बल्कि “मदन जनता पार्टी है। इस दौरान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, अरविंद शर्मा एडवोकेट, महिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विमला पांडेय, महापौर अनीता शर्मा के प्रतिनिधि अशोक शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मपाल सिंह ठेकेदार, पूर्व सभासद संजय शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने भी चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन से मदन कौशिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



भाजपा ने नकारे आरोप…
हरिद्वार: वहीं, दूसरी तरफ भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने भी शाम के समय पत्रकार वार्ता की और सतपाल ब्रह्मचारी के आरोप गलत बताते हुए आरोप लगाया कि बैरागी कैंप में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं से अभद्रता की। आरोप लगाया कि अजनबी चेहरे झुंड में जाकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। चुनाव आयोग की टीम के साथ भी कांग्रेस के लोग दुर्व्यवहार करते हैं। घेराव करते हैं, चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संस्था को भाजपा और मदन कौशिक का एजेंट बताते हैं। चुनाव आचार संहिता का पालन होना चाहिए। बाहरी प्रदेशों की गाड़ियों की जांच होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »
error: Content is protected !!