“तेज रफ्तार बस से कुचल कर बुजुर्ग कांवड़िये की मौत, हाइवे पर हुआ हादसा..

पंच👊नामा-ब्यूरो
रुड़की: कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 66 वर्षीय कांवड़िए की मौत हो गई। दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर नगला इमरती बाइपास के निकट एक तेज रफ्तार बस ने शिवभक्त को कुचल दिया। हादसे में घायल हुए कांवड़िए को तुरंत सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
————————————–
गाजियाबाद से आए थे कांवड़ लेने……मृतक कांवड़िये की पहचान पुरुषोत्तम शर्मा (66 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामेश्वर शर्मा, निवासी डूंडाहेड़ी, जनपद गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वे कांवड़ लेकर हरिद्वार गंगाजल लेने आ रहे थे और बाकी साथियों से कुछ कदम आगे चल रहे थे।
————————————–
बस ने पीछे से मारी टक्कर…..बताया गया कि सुबह के समय दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती बाइपास के पास जैसे ही वह सड़क किनारे चल रहे थे, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुरुषोत्तम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
————————————–
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ दिया दम…..स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
————————————–
शव कब्जे में लेकर की जा रही कार्रवाई….सूचना मिलने पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चालक और बस की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।