“ऑपरेशन सिंदूर की गूंज: हरिद्वार में तिरंगा यात्रा से गूंजा देशभक्ति का जयघोष..
स्वामी यतीश्वरानंद और आदेश चौहान के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा, जनता ने तिरंगे के साथ दिखाया राष्ट्रप्रेम..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए ऑपरेशन सिंदूर की गूंज न केवल सीमा पर बल्कि पूरे देशभर में सुनाई दे रही है। इसी गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में हरिद्वार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनका उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, एकता और सेना के अदम्य साहस को सम्मान देना रहा।
————————————-
स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा…..हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के पथरी क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा ने जनमानस में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित किया।
यात्रा की शुरुआत आर्यनगर स्थित आश्रम में मन की बात कार्यक्रम को सुनने के साथ हुई, जिसमें भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।इसके बाद, राजकीय मेडिकल कॉलेज, जगजीतपुर से लक्सर रोड तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्वामी यतीश्वरानंद ने इस अवसर पर कहा कि “पूर्ववर्ती सरकारों की लापरवाही के कारण आतंकवाद को बल मिला, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जड़ से उखाड़ा जा रहा है।
”उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने विश्व को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारत की ओर गलत नज़र उठाने वालों को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा। इस यात्रा में भारी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने यह दिखा दिया कि देश का हर वर्ग किसी भी चुनौती से लड़ने के लिए तैयार है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, महामंत्री तेजपाल चौहान, प्रधान सतीश कुमार, सौरभ शर्मा, ऋषिपाल कश्यप, दीपक रावत, नीरज कश्यप, और बलवंत सिंह पंवार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
————————————-
रानीपुर: ज्वालापुर क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा……रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर क्षेत्र में भी भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य को नमन करते हुए एक और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। पुल जटवाड़ा से शुरू होकर श्री राम चौक तक निकाली गई इस यात्रा में समाज के हर वर्ग—महिलाएं, व्यापारी, अधिवक्ता और स्थानीय नागरिक—ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने 100 मीटर लंबे तिरंगे को हाथों में थामकर देशभक्ति के गीतों, भारत माता की जय और भारतीय सेना जिंदाबाद जैसे नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति में रंग दिया। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना के साहस और समर्पण का प्रतीक है।
यह यात्रा हमारे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम है। ”जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने भी कहा, “यह यात्रा राष्ट्र की एकता और सेना के प्रति हमारे अटूट विश्वास का परिचायक है। ”तिरंगा यात्रा का स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, जिला महामंत्री आशु चौधरी, लव शर्मा, वरुण वशिष्ठ, अतुल वशिष्ठ, कार्यक्रम संयोजक आलोक चौहान, रमेश पाठक, डॉ. राजकुमार यादव, गरिमा सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।