
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: मासूम को कत्ल कर देने से पहले का वीडियो सामने आया है। साफ साफ दिखाई दे रहा है कि मासूम को कातिल अपने पीछे कितनी आसानी से ले जा रहा है, उसकी मंशा पर किसी को संदेह न हो इसलिए वह चुपचाप कदम बढ़ा रहा है।चूंकि मासूम उससे पहले से परिचित ही थी, लिहाजा वह भी पीछे पीछे चल रही है, उसे क्या पता था कि आगे मौत उस पर झपट्टा मारने के लिए तैयार बैठी है।
शुक्रवार को रोड़ी बेल वाला क्षेत्र से लापता कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति की चार साल की मासूम बेटी का शव मनसा देवी रेलवे टनल से बरामद हुआ था। पिता ने ही शव को ढूंढ निकाला था।
सामने आया था कि उनका एक परिचित सूरज उर्फ गंजू उर्फ दड़ियल ही मासूम को अपने साथ ले गया था, उसी ने ही गला घोट कर उसकी हत्या की है।
प्रारंभिक तौर पर मासूम के साथ दरिंदगी होने का अंदेशा जताया जा रहा था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस टीम कातिल गंजू की तलाश में उत्तर प्रदेश के कासगंज के लिए रवाना हो गई है।
मूल रूप से कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा गंजू पिछले 10 साल से यहां रह रहा था और कबाड़ बिनने का काम करता था। मृतक मासूम के परिजन भी कबाड़ बीनने का कार्य करते हैं।
लिहाजा गंजू का अधिकांश समय उन्हें के साथ ही बीतता था। बताया जा रहा है कि गंजू का घटना वाले दिन मृतका के पिता से विवाद हुआ था। संभवत उसी का बदला लेने के चलते गंजू ने मासूम की हत्या कर दी।
मनसा देवी टनल के पास सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ गंजू मासूम को अपने पीछे ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। रेलवे लाइन पर हंसते खेलते जा रही मासूम गंजू के खौफनाक इरादों से पूरी तरह से अंजान होकर आगे बढ़ रही है।
यह वीडियो पुलिस को जांच के दौरान मिला है। जाहिर है कि कबाड़ बिनने का नाटक करते हुए आरोपी मासूम को कत्ल कर देने के लिए अपने पीछे-पीछे ले जा रहा था।