भर्ती परीक्षाओं की धांधली पर राजधानी में बवाल, लाठीचार्ज और पथराव, पुलिस की गाड़ियां तोड़ी..
युवाओं ने पुलिस अधिकारियों पर फेंकी बोतलें, हरिद्वार में बेरोजगारों ने फूंका पुतला, धामी बोले बहकावे में न आएं युवा..

पंच👊🏻नामा-टीम
देहरादून/हरिद्वार: भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर बेरोजगारों ने राजधानी देहरादून में जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया तो युवा उग्र हो गए और पुलिस अधिकारियों पर पानी की बोतलें फेंक डाली। जिसके बाद लाठी चार्ज और पथराव हुआ। बवाल में पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। बाद में बड़ी संख्या में युवाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से संयम बरतने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ने कोई घोटाला न दबाया और न छिपाया।
इधर, हरिद्वार के बहादराबाद में बेरोजगारों ने मुख्यमंत्री धामी और लोक सेवा आयोग अध्यक्ष का पुतला फूंकते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
लेखपाल, जेई, एई सहित लोक सेवा आयोग की तमाम भर्तियों में धांधली की सीबीआई से जांच, तत्काल नकल विरोधी कानून बनाने और लेखपाल भर्ती में शामिल नकलचियों की सूची सार्वजनिक करने के बाद ही दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं ने एक दिन पहले गांधी पार्क के बाहर सत्याग्रह शुरू किया था।
देर रात पुलिस ने इन्हें जबरन उठा दिया। गुरुवार को इसके विरोध में बेरोजगारों ने सड़क पर जाम लगा दिया और ट्रैफिक रोक दिया। पुलिस फोर्स तैनात होने पर छात्र आग बबूला हो गए। नोंक झोंक के बाद स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।
इसके बाद पथराव शुरू हो गया और भगदड़ मच गई। पुलिस ने बमुश्किल बवाल शांत कराते हुए कई युवाओं को गिरफ्तार कर लिया। पथराव और बवाल में पुलिस की गाड़ियों के शीशे टूट गए। कुछ पुलिसकर्मियों और बेरोजगारों के चोटिल होने की खबरें भी मिल रही हैं।
————————————–
दौलतपुर में फूंके पुतले……
केएस चौहान, हरिद्वार: बहादराबाद के दौलतपुर में बेरोजगारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष राकेश कुमार का पुतला फूंका। भर्तियों में धांधली की सीबीआई जांच के साथ-साथ आयोग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की जांच कराने की मांग भी की। साथ ही नकलचियों के नाम सार्वजनिक किए जाएं। नकल विरोधी कानून से पहले कोई परीक्षा आयोजित ना की जाए। प्रदर्शनकारी उत्तम गिरी, वासु पाल, गौरव गिरी, सुमित गिरी, रमन, कुणाल आदि छात्रों का कहना है कि उत्तराखंड में बेरोजगारी व भ्रष्टाचारी चरम सीमा पर है। धांधलियों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उन्हें अभी तक गिरफ्तार भी नहीं किया गया। प्रदर्शन करने वालों में नीतीश बंसल, अनस गिरी, अरविंद, सौरभ, गौरव पाल आदि शामिल रहे।
—————————————

हमने कोई घोटाला न दबाया, न छुपाया……
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से सजग है। पहले की तरह हमने किसी भी भर्ती घोटाले को न तो दबाया है और न छुपाया है। जितने भी मामले सामने आए, हमने उनकी जांच कराकर, जितने भी दोषी हैं, सभी को जेल भेजा है।

हमारी सरकार ने यह पहले ही तय कर लिया था कि भर्ती परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए कड़ा कानून बनायेंगे। देश का सबसे कड़ा नक़ल विरोधी क़ानून हम लेकर आ रहे हैं। ऐसी पुख्ता व्यवस्था की जा रही है कि भविष्य में होने वाली सारी परीक्षायें पारदर्शी और नक़ल विहीन हों। प्रदेश के युवाओं के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। हमारी सरकार युवाओं के हित में फैसले ले रही है। प्रदेश की बहन-बेटियों के लिये हमने महिला आरक्षण भी सुनिश्चित किया है। सभी के हितों को संरक्षित किया जायेगा। युवाओं से अनुरोध है कि किसी के बहकावे में न आये।”