“पूर्व राज्य मंत्री मनोहर लाल शर्मा का 81 वर्ष की उम्र में निधन, अंतिम विदाई कल..

पंच👊नामा
रुड़की: पूर्व राज्य मंत्री और बीएसएम शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा का शनिवार शाम निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से राजनीति व सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से शिक्षा, राजनीति और समाजसेवा से जुड़े तमाम लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम उन्हें अचानक उल्टी होने लगीं और तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर को दिखाया गया। हालांकि इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो पाया और शनिवार शाम करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
मनोहर लाल शर्मा उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार के दौरान दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रह चुके थे। वे बीएसएम शिक्षण संस्थान के संस्थापक सदस्य और अध्यक्ष भी थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। इसके अलावा वह ऑल इंडिया गुडविल सोसायटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत थे।
उनके निधन से न केवल रुड़की, बल्कि समूचे उत्तराखंड में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने उनके निवास पर पहुंच रहे हैं। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह किया जाएगा।