
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ ट्रस्ट के नाम पर फर्जी तरीके से पद हथियाने और ट्रस्ट की साख को ठेस पहुंचाने के आरोप में ट्रस्ट के आजीवन राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने दिल्ली, हरियाणा और हरिद्वार निवासी चार लोगों के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य और आजीवन राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ट्रस्ट की देशभर में सैकड़ों शाखाएं कार्यरत हैं जो सामाजिक upliftment और धार्मिक कार्यों में लगी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली निवासी सुरजीत सिंह ने खुद को ट्रस्ट का स्वयंभू राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर लिया है और कई राज्यों में अपने प्रभाव से फर्जी प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति कर रहा है।
राठौर का आरोप है कि सुरजीत सिंह के साथ मिलकर मास्टर धर्मेंद्र कुमार निवासी ग्राम बोगला थाना बहादराबाद (हरिद्वार), मनोज आजाद निवासी दिल्ली और रामलाल आर्य निवासी कुरुक्षेत्र (हरियाणा) भी ट्रस्ट की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं।
ये लोग ट्रस्ट के नाम का दुरुपयोग कर समाज में भ्रम फैलाने के साथ-साथ वसूली जैसी गतिविधियों में भी संलिप्त हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि इस तरह की फर्जी गतिविधियों से उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।