
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में प्रेमिका को फिल्मी अंदाज में गोली मारने वाले उसके प्रेमी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह अपनी प्रेमिका की बेवफाई से आहत था और युवती और उसके नए प्रेमी को मारने की योजना बनाई थी। प्रेमिका मानना था कि प्रेमिका अगर उसकी नहीं हो पाई तो किसी और की भी नहीं होने देगा।

प्रेमिका को गोली मारने के बाद अब युवक उसके प्रेमी को गोली मारने के लिए हरिद्वार आ रहा था। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी व श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा की सयुंक्त टीम ने इससे पहले ही दिलजले प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल में भर्ती प्रेमिका की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मंगलवार रात थाना सिडकुल क्षेत्र में एक युवती को उसके कमरे में गोली मार दी गई थी। युवती गंभीर रूप से घायल हुई और उसे सिडकुल स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए।

घायल युवती के पिता नरेश कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी बेटी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप उसके कथित प्रेमी अतुल पर लगाया। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी व श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम

और सीआईयू हरिद्वार की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कड़ी मशक्कत की। तकनीकी और डिजिटल सबूत जुटाए गए। परिजनों से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अतुल को आईटीसी कंपनी के पीछे नदी पुल के पास से एक तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
—————————————-
सुपरवाइजर से चल रहा था अफेयर…..

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से प्रेम करता था, लेकिन कुछ समय से युवती का अपने सुपरवाइजर मोहित के साथ अफेयर चल रहा था। इस वजह से युवती ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। ब्रेकअप और सुपरवाइजर के साथ युवती के रिश्ते से आहत होकर आरोपी ने दोनों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। घटना के दिन जब सुपरवाइजर घर पर नहीं मिला, तो उसने सीधे युवती के कमरे में जाकर उसे गोली मार दी।
—————————————-
बाल-बाल बचा सुपरवाइजर…..एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि घटना के दिन आरोपी ने सबसे पहले कंपनी और सुपरवाइजर के घर की रैकी की। दोनों के नहीं मिलने पर उसने अंदाजा लगाया कि वे युवती के कमरे में होंगे। वहां पहुंचकर उसने युवती को गोली मार दी।
—————————————-
स्थानीय जनता की सराहना….पुलिस ने महज 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर न केवल मामले का खुलासा किया, बल्कि एक बड़ी घटना को भी टाल दिया। स्थानीय जनता ने इस कार्रवाई और कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की।
—————————————-
गिरफ्तार आरोपी का विवरण…..
नाम: अतुल पुत्र दिलेराम
निवास: ग्राम फिरोजपुर मुबारकपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान निवास: रोशनाबाद, सिडकुल, हरिद्वार।
—————————————-
पुलिस टीम का सराहनीय प्रयास….
1:- थानाध्यक्ष सिडकुल: मनोहर सिंह भंडारी
2:- थानाध्यक्ष श्यामपुर: नितेश शर्मा
3:- उपनिरीक्षक: ब्रह्म दत्त बिजलवान
4:- कांस्टेबल: हरि सिंह, रविंदर
5:- सीआईयू टीम हरिद्वार
—————————————-
एसएसपी का बयान….
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा, “आजकल के युवाओं में सहनशीलता की कमी और हर बात पर आक्रामकता ऐसी घटनाओं का कारण बन रही है। हरिद्वार पुलिस ने इस मामले में शानदार काम किया है और हमारी टीमें ऐसी घटनाओं पर नजर रख रही हैं।