जिला खाद्य पूर्ति कार्यालय के बाहर “सुराज सेवा दल” का धरना प्रदर्शन..
आरोप: मृतकों के नाम पर राशन बांट रहे राशन डीलर, शिकायत के बाद भी नही हुई कार्रवाई..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में तहसील परिसर स्थित जिला खाद्य पूर्ति कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि राशन वितरण में धांधली की जा रही है। आरोप है कि लक्सर के मख्याली खुर्द में मृतकों को ही राशन डीलर ने राशन वितरण कर दिया। शिकायत के आठ महीने बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। राशन डीलर का लाइसेंस निरस्त करने की मांग उठाई। डीएसओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। मंगलवार को जिला खाद्य पूर्ति विभाग के कार्यालय पर सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। रमेश चंद जोशी ने आरोप लगाया कि लक्सर ब्लॉक के मख्याली खुर्द गांव में राशन डीलर ने मृतकों को राशन बांट दिया। राशन डीलर की शिकायत विभाग के अधिकारियों को की गई थी। लेकिन आठ महीने बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
जिले में कई अन्य राशन डीलरों में भी नियमों के विरुद्ध मृतकों को राशन बांटा है। उनकी भी जांच होनी चाहिए। लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। सिर्फ फाइलों में ही जांच कर खानापूर्ति की जा रही है। राशन डीलरों को बचाया जा रहा है। 8 महीने से संगठन लगातार शिकायतें कर रहा है। लेकिन अब इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलापूर्ति अधिकारी तेज बल सिंह ने जांच कर एक सप्ताह के अंदर राशन डीलर का लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया। वहीं रमेश चंद्र जोशी ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो जिला खाद्य पूर्ति कार्यालय पर भूख हड़ताल की जाएगी।
इस अवसर पर अजय मौर्या, अतीश मिश्रा, विजेंद्र राघव, आशीष सैनी, राजू मिश्रा, निखिल, रामावतार, हसीन, कमल, साबिर राणा, मुंतजीर, इरफान, ताहिर, मुस्तफा, ज़ाकिर, सचिन, खुर्शीद, औरंगजेब, गुलशेर आदि शामिल रहे।