शिवालिकनगर में कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला, कार में तोड़फोड़, हरिद्वार में कांग्रेसियों ने मदन कौशिक को घेरा, जमकर हंगामा..
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पहली घटना, दूसरी घटना का वीडियो भी हो रहा वायरल, रुड़की और भगवानपुर में भी हंगामें..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार/रुड़की: शिवालिक नगर से कांग्रेस प्रत्याशी महेश प्रताप सिंह राणा के काफिले पर बीती रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमला कर दिया। इस घटना में महेश राणा बाल-बाल बच गए। लेकिन उनकी कार तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दी गई। ऐसा बताया गया है कि हमले के दौरान भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा भी मौजूद थे। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
दूसरी तरफ एसएमजेएनपीजी कॉलेज में यूथ कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष लक्ष्य चौहान को कुछ भाजपाइयों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
भाजपा महापौर प्रत्याशी किरण जैसल के बेटे रवि जैसलमेर कुछ कांग्रेसियों ने बमुश्किल लक्ष्य चौहान को बचाया।
इसी तरह ज्वालापुर के सेंट मैरी स्कूल में बने मतदान केंद्र में भाजपा प्रत्याशी अनुज सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी गौरव भाटिया के समर्थक आपस में उलझ गए यहां पुलिस को लाठियां खदेड़नी पड़ी।
इसी तरह सेवा सदन इंटर कॉलेज में कांग्रेसियों ने नगर विधायक मदन कौशिक को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की हंगामा होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मदन कौशिक को वहां से सुरक्षित निकाला।
इन सभी घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन्ही सबके बीच रुड़की में लाठी चार्ज की घटना के बाद निर्दलीय प्रत्याशी श्रेष्ठा राणा के पति यशपाल राणा और कांग्रेस प्रत्याशी पूजा गुप्ता के पति सचिन गुप्ता समेत कई प्रत्याशी हजारों समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए हैं।
—————————————
एसएमजेएन कॉलेज में कांग्रेसी कार्यकर्ता पर हमला……
एसएमजेएन कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने एक कांग्रेसी कार्यकर्ता को फर्जी मतदान करने के शक में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने भी उस पर हाथ साफ किया। हालांकि, भाजपा मेयर प्रत्याशी किरण जैसल के पुत्र रवि जैसल ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत करने की कोशिश की।
तब तक कांग्रेसी कार्यकर्ता की बुरी तरह पिटाई हो चुकी थी। भाजपा ने कार्यकर्ता पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने इसे बदले की भावना से किया गया हमला बताया।
सीओ ज्वालापुर आलोक वर्मा ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट और एसएसआई नितिन चौहान की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
—————————————
सेवा सदन म्युनिसिपल हाई इंटर कॉलेज में हंगामा…….सेवा सदन म्युनिसिपल हाई इंटर कॉलेज में फर्जी मतदान और मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई।
कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाता सूची से आम जनता के नाम कटवा दिए हैं। इसी बीच, जब नगर विधायक मदन कौशिक मतदान केंद्र पर पहुंचे, तो कांग्रेसियों ने उन्हें घेर लिया और फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने भी कांग्रेसियों के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।
—————————————
रुड़की में लाठीचार्ज, भगवानपुर में धरना……रुड़की के मच्छी मोहल्ले में शाम 5:00 बजे के बाद भी भीड़ कम न होने पर पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। जिससे अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी तरफ भगवानपुर में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विधायक ममता राकेश अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गई हैं। इन सभी घटनाओं में पुलिस शांति व्यवस्था बनाने के लिए जद्दोजहद में जुटी है।