कॉरिडोर पर मदन कौशिक के दावों के बीच नापतोल करने पहुंची टीम को कांग्रेसियों और व्यापारियों ने घेरा..
कॉरिडोर को लेकर महीने भर से चल रही रस्साकशी, कांग्रेस ने शहर विधायक पर लगाया झूठ बोलने का आरोप..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: कॉरिडोर योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी नापतोल करने के लिए हरकी पैड़ी क्षेत्र के अपर रोड बाजार पहुंच गए। कांग्रेसियों और व्यापारियों ने कर्मचारियों को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। विधायक मदन कौशिक पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। हंगामा बढ़ने पर कर्मचारी उल्टे पांव लौट गए।धर्मनगरी में प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच एक महीने से रस्साकशी का दौर चल रहा है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव अनिल भास्कर के नेतृत्व में एक सप्ताह तक कांग्रेस ने रोजाना अलग-अलग इलाकों से जन जागरण यात्रा निकालकर व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को कॉरिडोर के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। वहीं, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने व्यापारियों के साथ मिलकर हरकी पड़ी क्षेत्र की सब्जी मंडी में जनाक्रोश सभा का आयोजन किया।
जिसमें प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा भी शामिल हुए। उधर भाजपाइयों ने उन सभी जगहों का गंगा जल से शुद्धिकरण का दावा किया, जहां-जहां कांग्रेसियों ने कॉरिडोर के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित किया। आरोप प्रत्यारोप के बीच नगर विधायक मदन कौशिक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद दावा किया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र के आसपास कॉरिडोर नहीं बनेगा, बल्कि इस योजना को रोड़ीबेल वाला में शिफ्ट कर दिया गया है।
इस बीच शुक्रवार को कुछ प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों के लिए नापतोल करने हरकी पैड़ी क्षेत्र के अपर बाजार पहुंच गए। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में शहर व्यापार मंडल के महामंत्री अमन शर्मा समेत अन्य व्यापारियों ने टीम को घेर लिया और उनसे सवाल जवाब किए। कांग्रेसियों और व्यापारियों ने कर्मचारियों से पूछा कि जब नगर विधायक मदन कौशिक कॉरिडोर रोड़ीबेलवाला में शिफ्ट होने की बात कह चुके हैं तो फिर यहां नापतोल किसलिए की जा रही है।
उनका कहना था कि नगर विधायक को मौके पर बुलाया जाए, उसके बाद ही नापतोल कराई जाए। विरोध और हंगामा होने पर थोड़ी कर्मचारी वहां से लौट गए। महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि नगर विधायक मदन कौशिक कारिडोर योजना रोड़ीबेलवाला में शिफ्ट होने के लिए कह रहे हैं, क्या वे हरिद्वार की जनता से झूठ बोल रहे हैं? और नहीं बोल रहे तो यह नपाई कैसी? कहा कि जब तक कोई राजपत्रित अधिकारी उनके साथ नहीं होगा, तब तक हरिद्वार के व्यापारी हरिद्वार की जनता उन्हें नापतोल नहीं करने देगी। मौके पर शहर महामंत्री व्यापार मण्डल अमन शर्मा, निवर्तमान पार्षद राजीव भार्गव,हिमांशु गुप्ता,अतुल चौहान, राजेन्द्र जैन, सतीश प्रधान, विपुल गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।