
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: धोखाधड़ी के मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए सिडकुल पुलिस ने फोरेक्स ट्रेडिंग और सेर्मस की खरीद-फरोख्त के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दबोचकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने वर्ष 2024 से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिस पर एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी हासिल किए।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित अग्रवाल को वेव सिटी, गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में शिकायतकर्ता राकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी मोहित अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ फोरेक्स ट्रेडिंग और सेर्मस की खरीद के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित अग्रवाल (42 वर्ष) पुत्र सीताराम अग्रवाल निवासी इवोनी ग्रीन अपार्टमेंट, शाहपुर बम्हेटा, थाना वेव सिटी गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, अपर उपनिरीक्षक सुभाष रावत व होमगार्ड आफताब शामिल रहे।



