हरिद्वार

“पेशेवर जमानत के आरोप में हिरासत में लिए गए आरोपी की तबीयत बिगड़ने से मौत..

प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से हुई मौत, शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम..

खबर को सुनें

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पेशेवर जमानतियों के पकड़े जाने के मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। हिरासत में लिए गए एक आरोपी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आ रही है।रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में सोमवार को सुनवाई के दौरान कुछ आरोपियों की जमानत लेने के लिए चार लोग कोर्ट में पेश हुए थे। कोर्ट को शक होने पर आरोपियों के दस्तावेजों की गहन जांच कराई गई, जिसमें सामने आया था कि चारों आरोपी पहले कई मामलों में जमानत ले चुके हैं और पेशेवर जमानती हैं। जबकि ताजा जमानत के शपथ पत्र में उन्होंने पुराने किसी भी जमानत का उल्लेख नहीं किया। इसके बाद अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, हिरासत में रहते हुए नरेश निवासी भेल सेक्टर-2 की अचानक तबीयत बिगड़ गई। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने अपनी टीम के साथ मिलकर तुरंत नरेश को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।जहां से उसे मेला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान नरेश की मौत हो गई। प्रारंभिक चिकित्सकीय जानकारी के मुताबिक, मौत का कारण हृदय घात बताया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप और नियमानुसार की गई।
—————————————विशेषज्ञों के अनुसार, आजकल हृदय घात के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। बदलती जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या, तनाव और असंतुलित खानपान इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। कम उम्र में भी अचानक हार्ट अटैक के मामले सामने आना अब आम होता जा रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद चिकित्सकीय कारणों की औपचारिक पुष्टि हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!