
पंच👊नामा-ब्यूरो
देहरादून: तेज़ी से बढ़ते नशे के ख़तरे पर दून पुलिस ने एक और बड़ा वार किया है। चन्द्रबनी क्षेत्र में मंगलवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को 152 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय था और स्कूल–कॉलेज के युवाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर चला अभियान….
मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि–2025 विज़न को गति देने के लिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार अभियान चलाने और नशा तस्करों की कमर तोड़ने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में दून के विभिन्न इलाकों में चेकिंग और इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन लगातार चलाए जा रहे हैं।
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी निरीक्षक की टीम ने मारी बाज़ी….
इन निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली पटेलनगर की पुलिस टीम ने मंगलवार को चन्द्रबनी से लगभग 100 मीटर आगे, वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान शादाब पुत्र मुस्तकीम (उम्र 25 वर्ष, निवासी एकता विहार कैलाशपुर, पित्थुवाला पटेलनगर) को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 152 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना पटेलनगर पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
जल्दी पैसे के लालच में बना नशा तस्कर…..
पूछताछ में शादाब ने खुलासा किया कि उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान है, लेकिन उधार चढ़ जाने और जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में वह तस्करी के रास्ते पर उतर आया। वह सहारनपुर से स्मैक लाकर देहरादून में नशे के आदी युवाओं और स्कूल–कॉलेज के छात्रों को महंगे दामों पर सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस को इससे अन्य तस्करों के कनेक्शन की भी जानकारी मिली है, जिन पर आगे कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम…
एसएसआई कुलदीप शाह
हर्ष अरोड़ा, चौकी प्रभारी आईएसबीटी
कानि0 विक्रांत
कानि0 प्रदीप कुमार



