
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार। हरियाणा से अंग्रेजी शराब की खेप लेकर हरिद्वार पहुंचे तस्करों पर तड़के करीब 3 बजे आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद कर महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के निर्देशन में हाईवे पर की गई इस सख्त घेराबंदी कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। बरामद शराब हरियाणा ब्रांड की है और इसे हरिद्वार में खपाने की तैयारी थी। अब आबकारी विभाग सप्लाई नेटवर्क और शराब मंगाने वालों की तलाश में जुट गया है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम गठित कर हाईवे और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान चमगादड़ टापू क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें हरियाणा ब्रांड की 45 पेटी अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग) बरामद हुई।
कार से पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अक्षय निवासी ग्राम सेहरी थाना खरखोदा सोनीपत हरियाणा और कृतिका निवासी बी ब्लॉक प्रहलादपुर दिल्ली बताए। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर शराब और कार को जब्त कर लिया गया है।
कैलाश बिंजोला ने बताया कि शराब किसने मंगाई थी और हरिद्वार में कहां सप्लाई की जानी थी, इस बारे में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में शामिल रही टीम…..
सहायक आबकारी आयुक्त प्रमोद मैठाणी, आबकारी निरीक्षक दर्शन चौहान, प्रवर्तन निरीक्षक शैलेंद्र उनियाल, लव शर्मा, सुरेंद्र सिंह, अनिरुद्ध सिंह, पिंकी, नितिन कुमार, मदन सिंह चौहान, महावीर मैठाणी और नरेंद्र शर्मा कार्रवाई में शामिल रहे।



