विधानसभा में गूंजा आदित्य राज सैनी की गिरफ्तारी का मुद्दा, नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल..
बहादराबाद क्षेत्र के शान्तरशाह में दलित किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला..
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र के शान्तरशाह की दलित किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में प्रधान पति आदित्य राज सैनी की गिरफ्तारी का मुद्दा गुरुवार को गैरसैंण में चल रहे विधानसभा क्षेत्र में उठा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी सदन में रखते हुए अभी तक भाजपा नेता की गिरफ्तारी न होने पर सवाल उठाए। दूसरी तरफ आजाद समाज पार्टी ने आंदोलन के लिए तैयारी शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह गाँव निवासी एक किशोरी का शव पतंजलि रिसर्च इंस्टिट्यूट के सामने हाइवे किनारे से बरामद हुआ था। पुलिस पड़ताल में किशोरी के साथ गैंगरेप कर हत्या का मामला प्रकाश में आया था, जिसमे मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इस मामले में भाजपा नेता व प्रधान पति अदित्यराज सैनी को भी पुलिस ने नामजद किया था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अभी तक नही हो पाई। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष महक सिंह ने प्रशासन पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब ये मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया है। गुरुवार को गैरसैंण में चल रहे सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी सदन में रखते हुए भाजपा नेता की गिरफ्तारी ना होने पर सवाल उठाए।