
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: लक्सर पुलिस ने कुख्यात “हुक्का गैंग” के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोच लिया। आरोपी फेसबुक के माध्यम से गैंग से जुड़े दुष्प्रचार में भी सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी गैंग के सदस्यों को अवैध असलहे की सप्लाई करता था और तीन दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत लक्सर पुलिस लगातार फरार और वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इसी क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक दीपक चौधरी मय पुलिस टीम के ग्राम भूरनी क्षेत्र से संबधित मुकदमा वांछित आरोपियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा थाना मंगलौर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विशाल पुत्र मुकेश निवासी मुण्डाखेड़ा खुर्द के नेतृत्व वाले गैंग का सदस्य है और गैंग को अवैध असलहे उपलब्ध कराने का काम करता है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गैंग के सदस्य एक युवक से वीडियो क्लिप के आधार पर पैसे की मांग कर रहे थे। इसी विवाद के चलते 10 मार्च की रात गैंग के कई सदस्य दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नगला खिताब निवासी गौरव के घर पहुंचे और उसके घर के बाहर व अंदर घुसकर फायरिंग की। हालांकि गौरव किसी तरह बच गया और घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी मिलने पर आरोपी और उसके साथी क्षेत्र के खादर इलाके में छिप गए थे। इस बीच पुलिस ने गैंग के एक अन्य सदस्य अनुज कश्यप को भी गिरफ्तार किया था। शनिवार को सालम अपने एक साथी से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध “शस्त्र अधिनियम” के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, उप निरीक्षक लोकपाल परमार, उप निरीक्षक विपिन कुमार, उप निरीक्षक दीपक चौधरी व मुख्य आरक्षी मीनान शामिल रहे।



