
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ और श्यामपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। हाईटेक स्टंट बाइक पर स्मैक की खेप लेकर उड़ रहे एक शातिर तस्कर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और श्यामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने धर दबोचा। बरामद स्मैक शहर क्षेत्र के आसपास युवाओं को बेची जानी थी।
पकड़े गए तस्कर के पास से 42 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में कई और नशा तस्करों के नाम का भी खुलासा हुआ है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे…?
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों पर अभियान चला कर कार्रवाई की जा रही है। बरेली की ओर से स्मैक लाने की पुख्ता सूचना के आधार पर एएनटीएफ प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक रणजीत सिंह तोमर और श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में चंडी घाट चौकी प्रभारी विक्रम बिष्ट की टीम ने अंजनी चैक पोस्ट के पास घेराबंदी की। जैसे ही तस्कर वहां पहुंचा, उसने पुलिस को चकमा देकर बाइक भगाने की कोशिश की, लेकिन पहले से तैयार टीम ने उसे चारों ओर से घेरकर दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर विशाल पुत्र रामवतार सिंह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है और लंबे समय से नशे की तस्करी कर रहा था।
पुलिस ने तस्कर के कब्जे से 42 ग्राम स्मैक जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये और एक हाईटेक स्टंट बाइक बरामद की है। तस्कर के खिलाफ थाना श्यामपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि पूछताछ में कई और धंधेबाजों के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
————————————–
श्यामपुर पुलिस टीम…
1:- नितेश शर्मा – थानाध्यक्ष, श्यामपुर
2:- विक्रम बिष्ट – चौकी प्रभारी, चंडी घाट
3:- अ.उ.नि. रणजीत सिंह चौहान
4:- कांस्टेबल संदीप रावत (515)
5:- कांस्टेबल चालक मोहन सिंह रावत
————————————–
ANTF टीम, हरिद्वार….
1:- निरीक्षक विजय सिंह
2:- उपनिरीक्षक रणजीत तोमर
3:- हेड कांस्टेबल राजवर्धन
4:- हेड कांस्टेबल सुनील
5:- कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी