“कुलगीत की गूंज के साथ खेल महोत्सव का शंखनाद..
एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में पहली बार प्रस्तुत हुआ कुलगीत, तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज़..

पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज परिसर मंगलवार को उस समय गर्व और उल्लास से गूंज उठा, जब वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (2025-26) का शुभारंभ कॉलेज के कुलगीत ‘हरिद्वार के गंगा तट पर ज्ञान गीत की धारा है’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। पहली बार आधिकारिक रूप से प्रस्तुत किए गए इस कुलगीत ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की और पूरे वातावरण को भावनात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जैसे ही कुलगीत से हुई, विद्यार्थियों और प्राध्यापकों की आवाज़ों ने एक सुर में शिक्षा और संस्कार की भावना को अभिव्यक्त किया। कुलगीत की रचना दून स्कूल के हिंदी शिक्षक नवल किशोर बहुगुणा ‘नवल’ ने की है,
जबकि संगीत विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अमिता मल्होत्रा और बीए की छात्रा लक्ष्मी ने इसे मधुर स्वर में प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। गीत के बोलों में हरिद्वार की आध्यात्मिक विरासत और ज्ञान की परंपरा का सशक्त समन्वय झलकता है। प्रस्तुति के उपरांत परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कुलगीत के बाद प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने खेल मशाल प्रज्वलित कर एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल भावना की शपथ दिलाते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को निखारते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व कौशल भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा और खेल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है और इससे आत्मविश्वास तथा प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है।
तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव में ट्रैक एंड फील्ड की लगभग 30 स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद और भाला फेंक जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया तथा शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी, मुख्य खेलकूद अधीक्षक विनय थपलियाल सहित समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता का समापन 27 फरवरी को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी, मुख्य खेलकूद अधीक्षक विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज सोही, रिंकल गोयल, रिचा मिनोचा, गौरव बंसल और डॉ. अमिता मल्होत्रा हिमांशु सिंह डॉ मनमोहन गुप्ता प्रोफ़ेसर जे सी आर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल प्रशिक्षक भारत भूषण और रंजीता बर्मन के निर्देशन में रेफरी की टीम ने खेलों का निष्पक्ष संचालन किया।
इस अवसर पर डॉ. मनमोहन गुप्ता, प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पल्लवी राणा , विनीत सक्सेना, वैभव बत्रा, पंकज भट्ट एवं मोहन चंद्र पांडेय सहित भारी संख्या में कॉलेज के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेतर कर्मचारी छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे ।



