
पंच👊नामा-ब्यूरो
हल्द्वानी: उत्तराखंड के बड़े जिलों में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब नैनीताल के हल्द्वानी में गल्ला मंडी इलाके में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब श्रमिकों ने एक युवक और एक युवती के शव पड़े देखे। शुरुआती जांच में दोनों की हत्या पत्थर से हमला कर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ, कोतवाल और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवती की उम्र करीब 21–22 वर्ष और युवक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले से संबंधित एक आईडी मिलने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। युवती के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं।
सुबह काम पर पहुंचे लोगों ने दोनों शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है और पुलिस शिनाख्त व आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।



