
पंच👊नामा-ब्यूरो
एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर संपत्ति विवाद में हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुरालियों ने उसकी हत्या के लिए सात लाख की सुपारी दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी निवासी अंजू ने तहरीर देकर बताया कि उनके पति मनीष निवासी बेहट सहारनपुर की मृत्यु 12 फरवरी 2021 को हो गई थी। संपत्ति को लेकर उनका अपनी ससुराल पक्ष से विवाद चला आ रहा है। कुछ समय तक ससुराल पक्ष के लोगों ने परिवार का खर्चा उठाया, लेकिन उसके बाद रुड़की लाकर छोड़ दिया। पुत्रवधू के अनुसार कुछ समय पूर्व अज्ञात नंबर से फोन आया। बताया कि सात लाख रुपये में जान से मारने की सुपारी मिली है। बताया गया कि इस काम के लिए उन्हें एडवांस में 40 हजार रुपये मिले हैं। पुत्रवधू ने ससुरालियों पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाकर जान माल का खतरा बताया है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ससुर कालूराम, शुभम कुमार निवासी गांव ढाबा मजरा सलूनी बेहट जिला सहारनपुर, सचिन और विकास निवासी सहारनपुर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दूसरी तरफ, कोटा मुरादनगर माछरहेड़ी निवासी राजेश सैनी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्रवधु पूजा सैनी ने चार फ़रवरी 2021 को बीएड के लिए अरोमा गर्ल्स कॉलेज में एडमिशन लिया था। एडमिशन के दौरान पूजा को अरोमा गर्ल्स कॉलेज को श्रीदेवसुमन विश्वविद्यालय से संबंध बताया था। परीक्षा नजदीक आने पर सभी छात्राओं को परीक्षा प्रवेश जारी कर दिए गए। लेकिन उसकी पूजा को प्रवेश पत्र नहीं दिया गया। प्रवेश पत्र के बारे में जब पूजा ने कॉलेज प्रबंधक से संपर्क किया तो उनका कहना था कि विवि ने रोका है। उन्होंने श्रीदेवसुमन विद्यालय से संपर्क किया तो पता चला कि उनका विश्वविद्यालय में पंजीकरण ही नहीं हुआ है। जबकि पूजा ने प्रथम वर्ष की फ़ीस 40 हजार रूपये की एवज में एडमिशन के समय 20 हजार फीस किए थे। थानाध्यक्ष रणवीर चौहान ने बताया कि पीड़िता पूजा के ससुर राजेश सैनी की तहरीर पर कालेज प्रबंधक मंजू शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।