
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित 5000 रुपये के इनामी नशा तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस को गुमराह कर रहा था, जिसे मुखबिर तंत्र और मोबाइल सर्विलांस की मदद से दबोचा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गैंगस्टर एक्ट में फरार और इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट भी जारी किया गया था।
थाना सिडकुल प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र और मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी को चीतल डेरी के सामने मैदान, सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था और बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजु (33) पुत्र सुलेखचंद निवासी चौहान मार्केट, रावली महदूद थाना सिडकुल, जिला हरिद्वार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल अनिल शामिल रहे।



