
पंच👊नामा-ब्यूरो
हरिद्वार: थाना पथरी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो संदिग्धों को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और अवैध तमंचों के साथ धर दबोचा। पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में संदिग्धों की धरपकड़ और चेकिंग अभियान तेज किया गया है। इसी अभियान के तहत पथरी पुलिस ने बीती रात बादशाहपुर के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली, जिनके कब्जे से अवैध असलाह बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों से एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की, जो हरियाणा के यमुनानगर जिले से चोरी की गई थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हरिद्वार क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र सुभाष निवासी भट्टीपुर, थाना पथरी और अभिषेक पुत्र जीतेन्द्र निवासी मुंडाखेड़ा कला, थाना लक्सर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से एक-एक तमंचा (.315 व .32 बोर) व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में विपिन कुमार (प्रभारी चौकी फेरुपुर), उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल मुकेश चौहान, कांस्टेबल दीपक चौधरी और कांस्टेबल जयपाल चौहान शामिल रहे।



